
पूर्व जिला मंत्री ने वर्तमान जिला सह-मीडिया प्रभारी को पीटा

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी के स्वागत समारोह के दौरान दो पदाधिकारियों के बीच कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई और दोनों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। मामले को लेकर पार्टी ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है।जानकारी के अनुसार, भाजपा दक्षिण के सह-मीडिया प्रभारी डॉ. विनय सिंह राठौर और पूर्व जिला मंत्री शिवपूजन सविता के बीच बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि शिवपूजन सविता ने कुर्सी से नहीं उठने पर डॉ. विनय सिंह राठौर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।कुछ देर बाद दोनों दोबारा भिड़ गए। आरोप है कि इस दौरान डॉ. विनय सिंह राठौर ने चप्पल से शिवपूजन सविता पर हमला किया। स्थिति बिगड़ने पर दोनों को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया गया। बाहर निकलने के बाद भी दोनों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान डॉ. विनय सिंह राठौर के कपड़े फट गए और कान में चोट लगने से खून निकलने की बात सामने आई।घटना को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे अनुशासनहीनता बताया। उन्होंने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। इसमें क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान और कार्यालय मंत्री राजेश भदौरिया शामिल हैं। कमेटी को 24 घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर पार्टी से निष्कासन जैसी कार्रवाई की बात कही गई है।वहीं, शंकर लाल लोधी के कानपुर पहुंचने पर जाजमऊ गंगा पुल से क्षेत्रीय कार्यालय तक कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्रीय प्रभारी बनने के बाद उनकी जिम्मेदारी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना है। बाद में उन्होंने नौ जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। लोधी ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के आधार पर भाजपा 2027 में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी। बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कमेटी गठित कर 24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट
क्षेत्रीय प्रभारी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मारपीट के मामले पर क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने कड़ी आपत्ति मंच से दर्ज कराई, उन्होंने कहा कि यह अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने इस मामले की जांच के पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। जिसमें क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेन्द्र पासवान, कार्यालय मंत्री राजेश भदौरिया को शामिल किया गया है। इन पदाधिकारियों से 24 घंटे में पूरे मामले की रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।
पहले थप्पड़, फिर चप्पल मारी
कार्यक्रम के दौरान दोनों पदाधिकारियों के बीच तीन बार मारपीट हुई। कार्यक्रम स्थल में पहले शिवपूजन सविता ने कुर्सी से नहीं उठने पर डा.विनय सिंह राठौर को थप्पड़ मारा,जिसके बाद दोनों में मारपीट हुई। बीच-बचाव करके दोनों को अलग किया गया। कुछ देर बाद विनय सिंह राठौर ने दोबारा से चप्पल से शिवपूजन सविता को कार्यक्रम स्थल में पीटा। इसके बाद दोनों को जब बाहर किया गया,तो नीचे तीसरी मारपीट हुई। इस दौरान कार्यक्रर्तओं ने बीच-बचाव करके दोनों को अलग किया।