
Pardarshi Vikas News Lalitpur
महरौनी तहसील क्षेत्र के ग्राम मुडिया में प्रशासन द्वारा कुर्क की गई फसल को दबंगों द्वारा जबरन काट लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने पुलिस और राजस्व कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। कस्बा अथाईपुरा निवासी सुम्मेर सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मौजा मुडिया स्थित गाटा संख्या 403 की भूमि पर गेहूं और सरसों की फसल बोई गई थी। भूमि विवाद का मामला एसडीएम महरौनी न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय ने 18 मार्च 2026 को फसल कुर्क कर निष्पक्ष व्यक्ति की सुपुर्दगी में देने का आदेश दिया था। पीड़ित का आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद स्थानीय पुलिस ने जानबूझकर लापरवाही बरती और विपक्षी पक्ष के दबंगों ने कुर्क फसल काट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। किसान ने बताया कि परिवार दहशत में है और स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से एफआईआर दर्ज कराने, दोषी पुलिसकर्मियों व आरोपियों पर कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा दिलाने की मांग की है।