news-details

कानपुर देहात में पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने अकबरपुर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा और केंद्र व्यवस्थापकों को शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।वहीं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।