
83 किमी के 7 नए रूट का तैयार हुआ प्लान
कानपुर। शहर में मेट्रो नेटवर्क को दिल्ली और नोएडा की तर्ज पर विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने कानपुर मेट्रो के विस्तार के लिए 83.658 किलोमीटर लंबे 7 नए रूट का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।प्रस्तावित रूट शहर के प्रमुख आवासीय, औद्योगिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ेंगे। इससे बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के साथ लोगों को तेज और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।यूपीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार प्रस्ताव में करीब 59.648 किलोमीटर एलिवेटेड और 24.01 किलोमीटर अंडरग्राउंड ट्रैक शामिल होंगे। शासन से मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।प्रस्तावित नए मेट्रो रूट में उन्नाव से नमक फैक्ट्री (गुमटी नंबर-5) तक करीब 35 किलोमीटर का सबसे लंबा कॉरिडोर शामिल है। इसके अलावा नौबस्ता से चकेरी तक 14.5 किलोमीटर का रूट एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। ख्योरा कटारी से ट्रांस गंगा सिटी तक 9 किलोमीटर, नौबस्ता से बर्रा तक 8 किलोमीटर, नमक फैक्ट्री से पनकी तक 6 किलोमीटर, नौबस्ता से रमईपुर तक 5.45 किलोमीटर और सीएसए से ख्योरा कटारी तक 4.5 किलोमीटर का कॉरिडोर प्रस्तावित है।अधिकारियों ने बताया कि यह योजना शहर में किए गए सर्वे और भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए तैयार की गई है। इसका उद्देश्य कानपुर को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा देना है।वर्तमान में कानपुर मेट्रो आईआईटी कानपुर से सेंट्रल स्टेशन तक संचालित हो रही है। वहीं सेंट्रल से नौबस्ता तक के रूट पर भी काम तेजी से चल रहा है। इस रूट की सुरक्षा जांच के लिए मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) की टीम निरीक्षण कर चुकी है।सेंट्रल से नौबस्ता हंसपुरम तक 23.08 किलोमीटर लंबे रूट के शुरू होने के बाद शहर में मेट्रो स्टेशनों की संख्या बढ़कर 21 हो जाएगी। इससे दक्षिण कानपुर के लाखों लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।यूपीएमआरसी अधिकारियों के मुताबिक कानपुर में मेट्रो विस्तार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं और मंजूरी मिलने के बाद नए कॉरिडोर पर काम आगे बढ़ाया जाएगा।