
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। प्रदेश का पहला डॉग शेल्टर बनने जा रहा है, जहां शहर के आक्रामक और कटखने आवारा कुत्तों को रखा जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए रुमा ड्योढ़ी घाट के पास करीब पांच एकड़ जमीन चिन्हित कर ली है। इस शेल्टर में एक साथ 1000 कुत्तों को रखने की सुविधा होगी और इसका निर्माण करीब चार करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह शेल्टर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां कुत्तों के लिए अलग किचन, अस्पताल, उपचार कक्ष और रहने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। किचन में कुत्तों के लिए दिनवार मेन्यू तय किया जाएगा, ताकि उन्हें संतुलित और नियमित भोजन मिल सके।इसके अलावा, घायल और बीमार कुत्तों के इलाज की भी विशेष व्यवस्था होगी। पकड़ने के दौरान घायल हुए या पहले से बीमार कुत्तों का तुरंत उपचार शेल्टर के अस्पताल में किया जाएगा।नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने बताया कि रुमा स्थित मियावाकी वन के पास जमीन चिन्हित कर ली गई है। निर्माण एजेंसी सीएंडडीएस ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेज दी है। बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।बताया जा रहा है कि कानपुर शहर में इस समय करीब 1.40 लाख आवारा कुत्ते हैं, जिनमें बड़ी संख्या आक्रामक कुत्तों की भी है। डॉग शेल्टर बनने से लोगों को राहत मिलेगी और कुत्तों की देखभाल व उपचार बेहतर तरीके से हो सकेगा।