
भगवती फूड्स फैक्ट्री में मजदूरों की हड़ताल
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित भगवती फूड्स प्राइवेट लिमिटेड बिस्कुट फैक्ट्री में मंगलवार को मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ हड़ताल कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी फैक्ट्री गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और वेतन बढ़ोतरी, ओवरटाइम भुगतान तथा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कर्मचारियों के विरोध के चलते फैक्ट्री का कामकाज भी प्रभावित रहा और कई ट्रक फैक्ट्री के बाहर ही खड़े रहे।मजदूरों का आरोप है कि उनसे निर्धारित समय से अधिक काम कराया जाता है, लेकिन ओवरटाइम का पूरा भुगतान नहीं दिया जाता। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उन्हें ओवरटाइम का केवल आधा पैसा दिया जाता है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है।प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने यह भी कहा कि फैक्ट्री में काम करने के दौरान उन्हें जरूरी सुरक्षा उपकरण तक उपलब्ध नहीं कराए जाते। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। मजदूरों का कहना था कि कई वर्षों से वेतन में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि काम का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।धरना प्रदर्शन के दौरान फैक्ट्री गेट पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में महिला श्रमिक भी प्रदर्शन में शामिल रहीं। मौके पर पहुंचे कासिम आबिदी ने महिला कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।सूचना मिलने पर सचेंडी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मजदूरों और फैक्ट्री प्रबंधन से बातचीत कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और दोनों पक्षों से बातचीत कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस मजदूरों से बातचीत कर रही है मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई फैक्ट्री मालिक से बात कर समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।-सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा