news-details

कागजों में विकास या बड़ा खेल?

You can share this post!

फर्जी टेंडर के आरोप से गरमाया नगर निगम

पारदर्शी  विकास न्यूज़  कानपुर। नगर निगम में कथित फर्जी टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी करने के आरोप को लेकर शुक्रवार को भाजपा पार्षदों ने नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पार्षदों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।भाजपा पार्षदों का आरोप है कि उद्यान विभाग में फर्जी तरीके से फाइलें तैयार कर कुछ ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यादेश जारी किए गए। वार्ड-51 के पार्षद सुधीर यादव ने आरोप लगाया कि फर्जी टेंडर की शिकायत के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से कई बार मुलाकात का समय मांगा गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।पार्षद ने दावा किया कि उनके वार्ड के नाम पर 27 जुलाई को एक वर्क ऑर्डर जारी किया गया। जांच करने पर पता चला कि संबंधित फाइल में कार्यस्थल और वार्ड की जानकारी में अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस स्थान का कार्य दिखाया गया, वह दूसरे वार्ड से संबंधित है। पार्षदों ने मामले में सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि नगर निगम में पारदर्शिता और विकास कार्यों को गति देने के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूरी है।वहीं, नगर निगम परिसर में आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों ने भी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, नियमितीकरण, समय पर वेतन भुगतान और अन्य सुविधाओं की मांग उठाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।



हर महीने समय पर वेतन देने की मांग
धरने में शामिल कर्मचारियों ने मांग की कि सभी कर्मचारियों, डूडा कर्मियों सहित, का वेतन प्रत्येक माह की पांच तारीख तक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मृतक आश्रितों को शासनादेश के अनुरूप नियुक्ति देने की मांग भी दोहराई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


नगर निगम में जिस तरह से फर्जी टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी किए जाने के आरोप सामने आए हैं, वह गंभीर विषय है। हमने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। वार्ड-51 के नाम पर जारी किए गए कार्यादेश की जांच में कई सवाल खड़े हुए हैं। मौके पर जाकर निरीक्षण करने पर भी कार्य की आवश्यकता स्पष्ट नहीं दिखाई दी। जनता के पैसों का सही उपयोग होना चाहिए और विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता जरूरी है। यदि जल्द इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पार्षदों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। -वार्ड-51 भाजपा पार्षद सुधीर यादव