news-details

कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  उन्नाव। SIR और मतदाता सूची में बदलावों को लेकर शुक्रवार को बांगरमऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सर्वोच्च न्यायालय की अधिवक्ता एवं कांग्रेस नेता विदुषी बाजपेयी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम बांगरमऊ को सौंपा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में हुए बदलावों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। पार्टी का दावा है कि करीब 2.05 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जबकि अंतिम सूची में लगभग 84.28 लाख नए मतदाता जोड़े गए। कार्यकर्ताओं ने पात्र नागरिकों के नाम उचित प्रक्रिया के बिना नहीं हटाने की मांग की।ज्ञापन में SIR और मतदाता सूची पुनरीक्षण की स्वतंत्र जांच, निर्वाचन आयोग के निर्णयों की समीक्षा तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई। दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस के कथित दुर्व्यवहार की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी उठाई गई।विदुषी बाजपेयी ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाए।इस दौरान सौरभ त्रिवेदी, ताजुद्दीन अंसारी, अतुल शुक्ल, संजीव कुमार शुक्ल, वरुण तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।