
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से जूही क्षेत्र में रविवार को “पिछड़ा वर्ग सामाजिक न्याय सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पिछड़े समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके समाज सेवा, न्याय और जनकल्याण के कार्यों को याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने वंचित समाज को आगे बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण कार्य किए।सम्मेलन की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़े वर्ग के अधिकारों की आवाज लगातार उठा रहे हैं।पवन गुप्ता ने कहा कि जनता अब कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार की अपेक्षा कर रही है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में कार्य करेगी।इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम नवल कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा से सामाजिक न्याय, आरक्षण और समान अवसरों को मजबूत करने पर केंद्रित रही है। उन्होंने पिछड़े समाज से संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक न्याय, समानता और संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखे।