news-details

केडीए का बुलडोजर एक्शन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। केडीए की ओर से बिठूर क्षेत्र में लगभग 15 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। वहीं 10 हजार वर्गमीटर में की जा रही एक अन्य अवैध प्लाटिंग को चिन्हित कर नोटिस जारी किया गया है।प्राधिकरण ने साफ किया है कि तय समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।प्रवर्तन (जोन-1बी) के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम गाजीपुर गिन्नी विहार में प्रपुंज अग्रवाल (प्रोमोटर/प्रवर्तक) व अन्य द्वारा लगभग 15 एकड़ भूमि पर ‘गिन्नी विहार’ नाम से कॉलोनी विकसित की जा रही थी।जांच में पाया गया कि बिना कानपुर विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना आवश्यक अनुमति के प्लॉटिंग की जा रही थी। इस पर प्राधिकरण ने मौके पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर अवैध निर्माण को हटाया।इसके अलावा आराजी संख्या 696/2 व 698/2, बगदौंधी बांगर में नीलम अग्रवाल पत्नी बृज किशोर अग्रवाल व अन्य द्वारा लगभग 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को चिन्हित कर नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय सीमा में समुचित जवाब न मिलने पर नियमानुसार सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।केडीए अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्लॉटिंग में भूमि खरीदने से पहले कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराकर उसी के अनुरूप निर्माण कराएं।अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह सहित संबंधित थाने का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।