
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर स्थित प्राचीन मां आशा देवी मंदिर के पास सोमवार को कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आवासीय और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। केडीए का कहना है कि मंदिर के महंत आशुतोष गिरी द्वारा किए गए निर्माण अवैध थे। वहीं महंत ने कार्रवाई का विरोध करते हुए दावा किया कि भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और इसके बावजूद कार्रवाई की गई। उन्होंने केडीए पर दबाव में काम करने और नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।कार्रवाई के दौरान महंत और उनके समर्थकों ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा। केडीए अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया था।