
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान चलाते हुए बिनगवां मौरंग मंडी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-3 में विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला के नेतृत्व में करीब 15 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया गया।अभियान के दौरान महेश यादव समेत अन्य लोगों द्वारा आराजी संख्या 172 और 173 में करीब चार बीघा, सतेन्द्र यादव आदि द्वारा आराजी संख्या 308 में लगभग पांच बीघा तथा राजेन्द्र यादव व राजेश यादव आदि द्वारा आराजी संख्या 404 और 405 में करीब छह बीघा क्षेत्र में की गई अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए बिजली के खंभे, बाउंड्रीवाल और डिमार्केशन भी जेसीबी मशीनों से तोड़े गए। अभियान में तीन जेसीबी मशीनें लगाई गईं। मौके पर केडीए प्रवर्तन दल, पूर्व सैनिक बल और सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस मौजूद रही।केडीए अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले 21 मई को भी इसी इलाके में करीब 10 बीघा अवैध प्लाटिंग हटाई गई थी। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि आगे भी अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।