news-details

जनता परेशान तो मेट्रो नहीं चलेगी: मैथानी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद जगह-जगह हुए जलभराव ने नगर निगम, जलकल और मेट्रो प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। हालात का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी खुद मैदान में उतरे और प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देवकी चौराहे पर विधायक ने मेट्रो अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सात दिनों के भीतर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे देवकी टॉकीज़ क्षेत्र में चल रहे मेट्रो के कार्य को रुकवाने तक का कदम उठाएंगे।विधायक ने कहा कि मेट्रो परियोजना का विरोध नहीं है, लेकिन यदि विकास कार्यों के कारण आम जनता को परेशानी होती है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो अपना काम कर लेगी और आगे बढ़ जाएगी, लेकिन क्षेत्र की ढाई लाख जनता को परेशानी में नहीं छोड़ा जा सकता।निरीक्षण के दौरान गड़रियनपुरवा क्षेत्र में जलभराव की समस्या का कारण सामने आया, जहां केवल 10 से 12 मीटर पाइपलाइन का जोड़ न होने की वजह से पानी की निकासी बाधित हो रही थी। विधायक ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल पाइप जोड़ने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके अलावा एक अन्य स्थान पर केस्को की अंडरग्राउंड केबलिंग के कारण सीवर लाइन बाधित होने का मामला भी सामने आया। इस पर विधायक ने केस्को अधिकारियों से बात कर दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस तरह की व्यवस्थागत खामियों को लेकर सख्त रुख रखते हैं, इसलिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे खुद मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे और आवश्यक हुआ तो सीमा से आगे जाकर भी जनता को राहत दिलाई जाएगी।इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में मेट्रो निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।