
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, विकास, चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुनी और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी तरीके से निस्तारण करें।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ताओं को निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।