news-details

जनपदीय न्यायालय महोबा में सघन चेकिंग अभियान

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास , महोबा। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के कुशल निर्देशन में जनपदीय न्यायालय परिसर महोबा में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान किसी भी संभावित खतरे एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से एन्टी सेबोटाज टीम बांदा, डॉग स्क्वॉड, एलआईयू महोबा तथा न्यायालय सुरक्षा में तैनात पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा परिसर की गहन तलाशी ली गई। अभियान के अंतर्गत न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई। डॉग स्क्वॉड द्वारा परिसर के विभिन्न हिस्सों में सूंघकर जांच की गई, वहीं एंटी सेबोटाज टीम द्वारा विस्फोटक या अन्य संदिग्ध सामग्री की संभावना को ध्यान में रखते हुए तकनीकी उपकरणों से निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान न्यायालय परिसर के आसपास खड़े वाहनों की भी सघन तलाशी ली गई तथा बिना सत्यापन के प्रवेश करने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इस पूरी कार्यवाही का उद्देश्य न्यायालय में आने वाले न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनपद में सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से इस प्रकार की चेकिंग की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जा सके और आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे।