
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें जन्मदिन की तैयारी के लिए केक लेने गए एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, औरास क्षेत्र के दलेलपुर गांव निवासी रंजीत (18) अपने चचेरे भाई मनीष (17) के साथ बाइक से हैदराबाद कस्बे गया था। परिवार में एक जन्मदिन समारोह की तैयारी चल रही थी, जिसके लिए दोनों केक लेने निकले थे। केक खरीदकर वे देर शाम घर लौट रहे थे।उन्नाव-संडीला मार्ग पर आसीवन थाना क्षेत्र के डालखेड़ा गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में लगा हैरो बाइक से टकरा गया, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रंजीत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।रंजीत की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वह चार बहनों में इकलौता भाई था। जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।