
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक 23 वर्षीय युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने टावर पर बैठकर रोते हुए वीडियो बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया, जिसमें उसने परिवार पर जमीन बेचने और जबरन कब्जे का आरोप लगाया।सुबह करीब 6:30 बजे युवती टावर पर चढ़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। बाद में परिजनों और पुलिस की समझाइश के करीब तीन घंटे बाद वह सुबह 9:30 बजे सुरक्षित नीचे उतर आई।युवती की पहचान फतेहपुर जिले की रहने वाली नन्हकी कुशवाहा के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि पारिवारिक जमीन का बंटवारा नहीं हुआ था, इसके बावजूद उसके हिस्से की जमीन बेच दी गई और उस पर कब्जा कर लिया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए।परिवार का कहना है कि उनकी लगभग दो बीघा जमीन पर विवाद चल रहा है और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।