news-details

जमीन कब्जे और जानलेवा हमले में दो आरोपी गिरफ्तार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Gonda

कोतवाली देहात क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उदयभान सिंह और सूर्यभान सिंह निवासी ग्राम ताजपुर के रूप में हुई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, मामला मनमोहन सिंह की तहरीर पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 16 फरवरी 2026 की सुबह आरोपी पक्ष के लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लोहे की रॉड, सब्बल तथा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

हमले में मनमोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई सत्रोहन सिंह के साथ भी मारपीट की गई। परिवार की महिलाओं मंजू सिंह और शीला सिंह को भी चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

जांच के बाद पुलिस टीम ने बुधवार को ग्राम ताजपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।