
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का गुणवत्तापूर्ण पुनर्स्थापना कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत कराकर ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने जलापूर्ति योजनाओं से जुड़े सौर पैनलों को पूरी तरह क्रियाशील रखने और तकनीकी खराबी का तत्काल समाधान कराने को कहा। बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया गया। लंबित और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत कनेक्शन तथा भूमि आवंटन और राजस्व विवादों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन सरकार की प्राथमिकता है और कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बंदिता श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।