
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक कर कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिवहर, धवर्रा-सिजवाहा, लहचूरा-काशीपुरा, सलइया-नथुपुरा एवं कबरई ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की प्रगति और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के प्रोजेक्ट मैनेजर को अवशेष रोड रेस्टोरेशन (पैचवर्क) शीघ्र पूरा कर सभी गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने पर कार्यदायी संस्था के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को गर्मी के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट का तत्काल समाधान कर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित शिकायतों एवं असंतोषजनक फीडबैक पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला पंचायत राज अधिकारी, जल निगम के अधिकारी, टीपीआई सेंसिस तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।जल जीवन मिशन कंट्रोल रूम: 05281-298431