
पारदर्शी विकाश न्यूज़ गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित विष्णुपुरी कॉलोनी में शुक्रवार को एक जिम संचालक के आत्महत्या करने से हड़कंप मच गया। किराए के मकान में रह रहे 30 वर्षीय शिवम पटेल का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय वह घर पर अकेले थे।जानकारी के अनुसार, शिवम के पिता दिनेश पटेल, जो बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल में कार्यरत हैं, ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनके बेटे ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और सीओ नगर आनंद राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा और एंबुलेंस से गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।शिवम पटेल ‘इंफिनिटी जिम’ नाम से अवध कॉम्प्लेक्स में जिम संचालित करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में शोक का माहौल फैल गया। शिवम मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले थे और लंबे समय से गोंडा में किराए के मकान में रह रहे थे।पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।