
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव अभिनव तिवारी ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर बंदियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैरकों, पाकशाला, जेल अस्पताल और महिला बैरक का निरीक्षण किया। साथ ही बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान बंदियों ने भोजन व्यवस्था के संबंध में कोई शिकायत नहीं की। उन्हें नाश्ते में गुड़, चाय और दलिया, जबकि दोपहर में दाल, चावल, सब्जी और रोटी दिए जाने की जानकारी मिली। महिला बैरक में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था पर संतोष जताया गया। विधिक सहायता से संबंधित रजिस्टर और हेल्प डेस्क की व्यवस्थाएं भी दुरुस्त मिलीं।जेल अस्पताल में भर्ती बंदियों को हल्का भोजन और नियमित दवाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी ली गई। इस दौरान महिला बंदियों द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के दीयों की सचिव ने सराहना की।उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविर में बंदियों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाया जाए, ताकि उनके हुनर को प्रोत्साहन मिले और आत्मनिर्भरता की दिशा में अवसर उपलब्ध हो सकें।