
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। जिला अस्पताल में पिछले तीन दिनों से एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी डॉक्टरों द्वारा एक्स-रे की सलाह दिए जाने के बाद मरीज जांच के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। मशीन बंद होने के कारण मरीजों को मजबूरी में निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है।निजी केंद्रों पर जांच कराने से मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्हें जांच शुल्क के साथ आने-जाने का खर्च भी उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह समस्या और गंभीर हो गई है।जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। हड्डियों में चोट, सड़क दुर्घटना, सीने से संबंधित समस्याओं सहित कई मामलों में डॉक्टर एक्स-रे कराने की सलाह देते हैं। ऐसे में मशीन खराब होने से मरीजों की जांच प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में कम खर्च में जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद रहती है, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें निजी केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से एक्स-रे मशीन की जल्द मरम्मत कराने और तब तक वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।