
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के बैजाखेड़ा गांव में बुधवार सुबह खेत पर काम कर रहे एक युवक पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण जहां हमलावर जानवर को तेंदुआ बता रहे हैं, वहीं वन विभाग की प्रारंभिक जांच में लकड़बग्घा होने की आशंका जताई गई है। जानकारी के अनुसार, बैजाखेड़ा गांव निवासी सुरेंद्र पर सुबह करीब 5:30 बजे खेत में अचानक एक जंगली जानवर ने हमला कर दिया। सुरेंद्र की पत्नी लक्ष्मी ने बताया कि वह खेत में फूल तोड़ रही थीं, तभी जानवर ने उनके पति पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर जानवर मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र को पहले सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। कुलगांव चौकी प्रभारी अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं वन विभाग के डिप्टी रेंजर अनिल सिंह तोमर ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। खेतों में मिले पैरों के निशानों के आधार पर यह आशंका है कि हमला किसी लकड़बग्घे ने किया हो सकता है।वन विभाग ने ड्रोन कैमरे की मदद से भी आसपास के खेतों और जंगल क्षेत्रों की तलाश की, लेकिन जंगली जानवर का कोई सुराग नहीं मिला। अधिकारियों का मानना है कि जानवर गंगा किनारे के जंगल क्षेत्र की ओर निकल गया होगा। फिलहाल वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और राजस्व व वन विभाग की टीमों को गांव के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। गांव के बाहरी क्षेत्रों में चौकियां बनाकर कर्मचारियों की तैनाती भी की जा रही है ताकि जंगली जानवर दोबारा दिखाई देने पर उसे तुरंत पकड़ा जा सके।घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि हमलावर जंगली जानवर की जल्द पहचान कर उसे पकड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में दोबारा ऐसी घटना न हो सके। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानवर के दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।