
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। व्यापारी नेता मनीष कुमार गुप्ता ने जीएसटी परिषद के हालिया फैसलों को व्यापारियों के लिए राहत और कारोबार को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि रिफंड प्रक्रिया को तेज करने, आपराधिक कार्रवाई की सीमा बढ़ाने और ईमानदार खरीदारों के इनपुट टैक्स क्रेडिट को सुरक्षित रखने जैसे फैसलों से छोटे और मध्यम व्यापारियों का विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी टैक्स देने के लिए तैयार हैं, लेकिन ईमानदार कारोबारियों को अनावश्यक नोटिस, जांच और कार्रवाई के डर के बिना काम करने का वातावरण मिलना चाहिए। मनीष कुमार गुप्ता ने सुधारों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इनके नियम सरल, पारदर्शी और व्यापारी हित में होंगे। उन्होंने कहा कि फर्जी जीएसटी पंजीकरण पर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन वास्तविक व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाना चाहिए। जीएसटी का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि व्यापार को सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना भी होना चाहिए।