
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी। रेलवे स्टेशन पर जनसाधारण एक्सप्रेस से मिले एक अज्ञात युवक के शव को लेकर जीआरपी और आरपीएफ के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर विवाद सामने आया है। ट्रेन के अमेठी स्टेशन पहुंचने पर एक युवक मृत अवस्था में मिला था। जीआरपी कर्मी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इसके बाद शव घंटों तक सीएचसी में पड़ा रहा। इस संबंध में अमेठी कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि जीआरपी और आरपीएफ के बीच मामले को लेकर विवाद की स्थिति बनी रही। उनके अनुसार, संबंधित विभागों के कर्मचारी शव को अस्पताल में छोड़कर चले गए, जिससे आवश्यक कानूनी कार्रवाई लंबित रही। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अब सिविल पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भर रही है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है और शव के समय पर निस्तारण न होने पर सवाल उठ रहे हैं।