news-details

जीआईसी में बनेगा 4.92 करोड़ का इनडोर मिनी स्टेडियम, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इनडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू हो गया है। सोमवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर परियोजना का शिलान्यास किया। करीब 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम शहर और आसपास के खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाओं का केंद्र बनेगा।भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन लंबे समय से खिलाड़ियों को पर्याप्त संसाधन और प्रशिक्षण की सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। यह मिनी स्टेडियम युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच देगा।परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 4 करोड़ 92 लाख रुपये है। निर्माण कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ 16 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। स्टेडियम का निर्माण 27 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है और इसे 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड को दी गई है।प्रस्तावित मिनी स्टेडियम में डबल हाइट मेन हॉल, मल्टीपरपज हॉल, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, टॉयलेट ब्लॉक, प्रशासनिक कक्ष, उपकरण स्टोर और फर्स्ट एड रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, इंटरलॉकिंग सड़क, सीसी सुविधाएं और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी।स्टेडियम को आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बैडमिंटन, टेबल टेनिस समेत कई इनडोर खेलों के खिलाड़ी सालभर अभ्यास कर सकेंगे। परियोजना को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, रामनाथ गौतम समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।