
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। संग्रामपुर ब्लॉक की गोरखापुर न्याय पंचायत के इटौरी पंचायत भवन में सोमवार को सती महारानी जनकल्याण समिति और अमेठी आई हॉस्पिटल की ओर से विशाल नेत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 235 मरीजों की निःशुल्क आंखों की जांच की गई, जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए और मोतियाबिंद पीड़ितों को ऑपरेशन के लिए भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ब्लड प्रेशर और शुगर की भी जांच की। समिति की अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक महारानी गरिमा सिंह की पुत्रवधू शांभवी सिंह ने मरीजों का हालचाल जाना और जनसेवा अभियान जारी रखने का संकल्प जताया। इस दौरान आयोजित जनसमस्या समाधान गोष्ठी में आवास, पेंशन, बिजली, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के प्रयास किए गए। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ला, प्रधान बृजेश यादव, प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति ने भविष्य में अन्य न्याय पंचायतों में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही।