news-details

इकाना में आज IPL मुकाबला, बारिश का खतरा टला

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lucknow

लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आज आईपीएल 2026 का रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। रातभर हुई बारिश के बाद भी राहत की खबर है कि शाम के समय बारिश की कोई संभावना नहीं है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिन में धूप निकलने से पिच सामान्य हो गई है। हालांकि, बारिश के कारण पिच में हल्की नमी बनी रह सकती है, जिससे शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और अतिरिक्त मदद मिलने की उम्मीद है। स्टेडियम स्टाफ के मुताबिक, मैच लाल मिट्टी की पिच पर खेला जाएगा, जो आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। ऐसे में मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने की संभावना है।

मैच को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। 50 हजार क्षमता वाले स्टेडियम में अब तक करीब 46 हजार टिकट बिक चुके हैं। टिकट की कीमत 499 रुपए से लेकर 40 हजार रुपए तक रखी गई है।

इकाना स्टेडियम में अब तक खेले गए आईपीएल मुकाबलों में चेज करने वाली टीमों का पलड़ा भारी रहा है। ओस के कारण दूसरी पारी में गेंदबाजों को दिक्कत होती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।

कुल मिलाकर, मौसम साफ रहने की संभावना के बीच आज का मुकाबला रोमांच और बड़े स्कोर से भरपूर हो सकता है।