
PARDARSHI VIKASH NEWS ईरान जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump मंगलवार रात चीन दौरे पर रवाना हुए। ट्रम्प 13 से 15 मई तक बीजिंग में रहेंगे। यह 2017 के बाद उनका पहला चीन दौरा होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping और ट्रम्प के बीच गुरुवार और शुक्रवार को कई दौर की बातचीत होगी। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, ताइवान, रेयर अर्थ मिनरल्स, AI और ईरान युद्ध जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।ट्रम्प के साथ Elon Musk, Tim Cook और बोइंग समेत कई बड़ी अमेरिकी कंपनियों के प्रमुख भी चीन पहुंचे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरे में 9 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की बोइंग विमान डील हो सकती है। चीन 500 Boeing 737 MAX, 100 Boeing 787 Dreamliner और कई 777X वाइडबॉडी विमान खरीद सकता है। अगर यह समझौता होता है तो इसे दुनिया के सबसे बड़े विमान सौदों में गिना जाएगा।व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ट्रम्प के सम्मान में भव्य स्टेट डिनर भी आयोजित करेंगे। चीन में इस तरह के स्वागत को बड़े कूटनीतिक सम्मान के तौर पर देखा जाता है। इससे पहले 2017 में ट्रम्प के पहले कार्यकाल के दौरान भी बीजिंग में उनके लिए विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था।ट्रम्प और जिनपिंग के बीच ट्रेड टैरिफ विवाद, ताइवान को अमेरिकी हथियार बिक्री, रेयर अर्थ मिनरल्स और AI टेक्नोलॉजी पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों पर भी बातचीत संभव है। इसके अलावा कृषि व्यापार और अमेरिकी सोयाबीन निर्यात को लेकर भी चर्चा हो सकती है।ईरानी तेल खरीद को लेकर भी अमेरिका और चीन के बीच तनाव बना हुआ है। ट्रम्प प्रशासन का आरोप है कि चीन बड़े पैमाने पर ईरानी तेल खरीदकर तेहरान को आर्थिक सहारा दे रहा है, जबकि चीन इसे अपनी ऊर्जा जरूरतों से जुड़ा मामला बताता रहा है। माना जा रहा है कि ट्रम्प इस मुद्दे पर चीन से सहयोग मांग सकते हैं।अमेरिकी किसानों को भी इस दौरे से बड़ी ट्रेड डील की उम्मीद है। ट्रेड वॉर के बाद चीन ने अमेरिकी सोयाबीन की खरीद घटाकर ब्राजील से आयात बढ़ा दिया था, जिससे अमेरिकी किसानों को नुकसान हुआ। अब व्हाइट हाउस का दावा है कि चीन इस साल बड़ी मात्रा में अमेरिकी सोयाबीन खरीद सकता है।