
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आयोजित राष्ट्रीय किसान मेले के दूसरे दिन किसानों और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले में ई-ट्रैक्टर, बैटरी चालित थ्रेसर, सोलर उपकरण, लाल भिंडी, बैंगनी आम और मिलेट्स से बने खाद्य पदार्थ आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। कंपनी प्रतिनिधियों के अनुसार, करीब 6.50 लाख रुपये का ई-ट्रैक्टर एक बार चार्ज होने पर छह से सात घंटे तक काम कर सकता है। वहीं, सोलर और बैटरी चालित थ्रेसर के जरिए खेती की लागत कम करने की जानकारी दी गई। किसानों ने उन्नत बीजों और आधुनिक कृषि उपकरणों में भी रुचि दिखाई।मेले के तहत महिला सशक्तिकरण पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सीएसजेएमयू के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक और अध्यक्षता कर रहे सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। डॉ. पाठक ने बताया कि दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अनुसंधान, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग के लिए एमओयू किया जाएगा।विधायक नीलिमा कटियार सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी में महिला कृषकों को कृषि उद्यमिता, खाद्य प्रसंस्करण और विपणन के माध्यम से आय बढ़ाने की जानकारी दी गई। निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी के अनुसार, दूसरे दिन साढ़े आठ हजार से अधिक लोगों ने मेले में सहभागिता की।