
कुशीनगर। पारदर्शी विकास ब्यूरो
शासन के निर्देश पर जनपद कुशीनगर में खरीफ फसलों की ई-खसरा पड़ताल का कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में जनपद के इच्छुक एवं पात्र युवा भी सहभागिता कर अपने गांव और क्षेत्र में सर्वेक्षण का कार्य कर सकते हैं। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर आय का अवसर भी मिलेगा।उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने बताया कि ई-खसरा पड़ताल के लिए ऐसे युवाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें एंड्रॉयड मोबाइल फोन के संचालन की अच्छी जानकारी हो तथा जनपद में उगाई जाने वाली विभिन्न खरीफ फसलों की पर्याप्त जानकारी हो। पात्र युवा अपने गांव एवं क्षेत्र में ई-खसरा पड़ताल का कार्य कर सकेंगे।उन्होंने बताया कि कार्य के संपादन के बाद बजट की उपलब्धता के आधार पर प्रति गाटा सर्वे ₹10 तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए प्रति सत्र ₹350 पारिश्रमिक देय होगा। ई-खसरा पड़ताल में रुचि रखने वाले युवाओं को अपने मोबाइल नंबर, आधार संख्या, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड एवं ई-मेल आईडी की जानकारी के साथ संबंधित विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) से संपर्क करना होगा। संपर्क का स्थान खंड विकास अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है।इच्छुक युवा किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित कार्यालय पहुंचकर ई-खसरा पड़ताल की प्रक्रिया एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उप कृषि निदेशक ने जनपद के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सहभागिता कर अपने गांव में ई-खसरा पड़ताल के कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें और शासन की इस पहल का लाभ उठाएं।