news-details

इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, बम की सूचना निकली अफवाह

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2111 की शुक्रवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान विमान के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर "बम" लिखा मिला, जिसके बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना देकर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, CISF, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सुबह 11:15 बजे विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया और सभी 180 यात्रियों को विमान से बाहर निकालकर उनके सामान की विस्तृत जांच की गई। करीब तीन घंटे तक चली सघन तलाशी अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा टीमों ने विमान तथा यात्रियों के सामान की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद यात्रियों को दोबारा विमान में बैठाया गया और फ्लाइट दोपहर 2:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक कदम उठाए गए। मामले की रिपोर्ट CISF और ATC द्वारा विमानन विभाग को भेजी जाएगी। यदि जांच में टिशू पेपर पर संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान होती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दिल्ली में खराब मौसम के कारण बैंकॉक, गुवाहाटी और नागपुर से दिल्ली जाने वाली तीन अन्य उड़ानों को भी अस्थायी रूप से लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया था।