news-details

हर नौजवान को रोजगार दिलाना है लक्ष्य: पवन दूबे

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। विकास खंड नेबुआ नौरंगिया के ग्राम सभा नौरंगिया स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय में शिक्षाविद एवं जनसेवक पवन दूबे के नेतृत्व में रोजगार मेला एवं महाभर्ती अभियान का आयोजन किया गया। मेले में देश की नामी कंपनियों रिलायंस मार्ट, रिलायंस स्मार्ट बाजार एवं बंसल वायर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा साक्षात्कार के आधार पर 334 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों पर चयन किया गया।रोजगार मेले में कुल 560 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर ईयू ग्रुप के चेयरमैन विजय प्रताप सिंह ने प्री-इंटरव्यू सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि नौकरी पाने वाले युवाओं को बीमा सुविधा, न्यूनतम दर पर आवास एवं भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही वेतन में पीएफ की सुविधा भी दी जाएगी।अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए जनसेवक पवन दूबे ने कहा कि क्षेत्र का विकास और खड्डा क्षेत्र के परिवारों की समृद्धि कार्यशील युवाओं की लगन, तत्परता और परिश्रम पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि जब घरों की आमदनी बढ़ेगी तो लोगों की क्रय शक्ति भी बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नौजवान को रोजगार उपलब्ध कराना उनका संकल्प और विजन है।कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर एवं ज्वाइनिंग लेटर भी वितरित किए गए। रोजगार मेले में चयनित युवक-युवतियां हर्षित एवं उत्साहित दिखाई दिए।आयोजकों ने बताया कि आगामी 1 जुलाई को पुनः रोजगार मेला एवं महाभर्ती अभियान का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।