
Pardarshi Vikas News Agra
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर प्रताप चौराहे के पास गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में कंटेनर और बोलेरो कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो में सवार छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की है। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में बृजेश देवी और छविकांत (निवासी बड़ा नगला, थाना सादाबाद), बच्चू सिंह, चंचल और प्रीति (निवासी पुनहेर, डींग, राजस्थान) शामिल हैं। बोलेरो चालक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग राजघाट से गंगा स्नान कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर तहसीलदार हाथरस भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।