
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत सुलतानपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए अभिनव पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय करते हुए स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, पार्क, मॉल और प्रमुख बाजारों में छात्राओं व महिलाओं से फीडबैक लिया जा रहा है।प्राप्त फीडबैक के आधार पर ऐसे संवेदनशील स्थानों की थानावार हॉटस्पॉट मैपिंग की जाएगी, जहां मनचलों का जमावड़ा रहता है या छेड़छाड़ और छींटाकशी की शिकायतें मिलती हैं। चिन्हित स्थानों पर एंटी रोमियो टीम की निगरानी और सक्रियता बढ़ाई जाएगी। महिलाओं व छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी या छींटाकशी करने वालों को पकड़कर रेड कार्ड जारी किया जाएगा। रेड कार्ड पाने वाले व्यक्तियों का विवरण रिकॉर्ड में सुरक्षित रखा जाएगा और दोबारा ऐसी गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को 1090, 112, 1930, 1076, 181, 108/102, 1098 और 14567 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है। थाना स्तर पर महिला हेल्प डेस्क के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।