news-details

होमगार्ड भर्ती परीक्षा का निरीक्षण, डीएम-एसएसपी ने परखी व्यवस्थाएं

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Unnao

 नवाबगंज क्षेत्र में शनिवार को आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से केंद्र पर तैनात कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ गई।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया, कक्षों में बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी धनश्याम मीणा ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और व्यवस्थित रहें।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुव्यवस्थित प्रबंधन के बीच परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। परीक्षार्थियों ने भी अनुशासन के साथ परीक्षा में हिस्सा लिया। अधिकारियों के निरीक्षण से भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता साफ दिखाई दी।