
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हैलट अस्पताल में जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक तकनीक की मदद से जटिल सर्जरी शुरू की जाएंगी। इसके लिए न्यू सर्जरी ब्लॉक में अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बड़े चिकित्सा संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।करीब 19.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तीन मंजिला सर्जरी ब्लॉक में प्राइवेट वार्ड, माइनर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक स्किल लैब और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक से सीधा संपर्क जैसी सुविधाएं होंगी। यहां नवजात बच्चों के गैस्ट्रो, लिवर, किडनी और छाती से जुड़ी जटिल सर्जरी भी की जा सकेंगी।मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार रोबोटिक सर्जरी के लिए स्वदेशी रोबोट खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एआई आधारित गाइडेंस से ऑपरेशन की सटीकता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। साथ ही मेडिकल छात्रों को आधुनिक सर्जरी तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।