
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज/लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट की अधिवक्ता जागृति शुक्ला का सोमवार सुबह लखनऊ स्थित पीजीआई में निधन हो गया। वह 20 मई को प्रयागराज में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर फैल गई है।जानकारी के अनुसार, 20 मई को जागृति शुक्ला स्कूटी से कहीं जा रही थीं, तभी मजार तिराहे के पास उनका सड़क हादसा हो गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया।परिजनों का आरोप है कि एसआरएन अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिल सका, जिसके कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। बाद में उन्हें कर्नलगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार, हादसे में उनके कूल्हे के जोड़ में गंभीर चोट लगी थी और पैंक्रियाज भी प्रभावित हुआ था। तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।जागृति शुक्ला प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र की रहने वाली थीं और तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके पिता पवन कुमार शुक्ला वाहन चालक हैं। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रही थीं।उनके निधन के बाद अधिवक्ता समुदाय, परिचितों और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद उनका पार्थिव शरीर प्रयागराज लाया जाएगा।