
Pardarshi Vikas News Kanpur
रेलबाजार थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां सगे भाई ने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस वारदात में दृष्टिहीन बुजुर्ग मां सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी घटना के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।मीरपुर तल्लवा निवासी पीड़िता फरजाना बेगम के मुताबिक, उनकी मां खुर्शीदा बेगम पूरी तरह दृष्टिहीन हैं। फरजाना का आरोप है कि उनका भाई राशिद और उसकी पत्नी अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे। इसी कारण वह बुधवार रात मां को अपने घर ले आई थीं।आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर रात करीब 9:30 बजे राशिद अपने साथियों सूफियान, रियाज, कल्लू, अपने बेटे अब्दुल राशिद और 10-12 अन्य लोगों के साथ फरजाना के घर पहुंचा। सभी के हाथों में लोहे की रॉड, सरिया, हॉकी और डंडे थे। घर में घुसते ही उन्होंने हमला कर दिया।हमले में फरजाना, उनकी मां खुर्शीदा बेगम, भाई इमरान, बहन शबा, असरार की पत्नी और नाबालिग बच्ची इकरा घायल हो गईं। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, कपड़े फाड़े और अश्लील हरकतें भी कीं।मारपीट के दौरान कुछ लोग बेहोश हो गए। जाते समय आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने और नाबालिग को अगवा करने की धमकी देकर फरार हो गए।थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।