
उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के सिंगानापुर गांव में मंगलवार देर शाम एक महिला पर घर में घुसकर चाकू और डंडे से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।घायल महिला की पहचान सुदेवी पत्नी रमेश, निवासी सिंगानापुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक घटना के समय सुदेवी घर पर अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पौधारोपण के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला राममूरत कथित रूप से शराब के नशे में उनके घर पहुंच गया और अभद्र व्यवहार करने लगा।महिला की बेटी काजल ने आरोप लगाया कि जब उसकी मां ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो उसने पहले डंडे से मारपीट की। इसके बाद वह घर के अंदर से चाकू उठा लाया और सुदेवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने महिला के सिर पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बचाव के दौरान उनके हाथ में भी गहरी चोट आई। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने डंडों से भी बेरहमी से मारपीट की।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।पीड़ित परिवार ने आरोपी राममूरत के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि आरोपी ने शराब के नशे में बिना किसी उकसावे के महिला पर जानलेवा हमला किया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।