
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर तहसील क्षेत्र स्थित गड़ाथा गांव में गुरुवार को प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने मॉकड्रिल आयोजित कर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा। अभ्यास में बाढ़, भूकंप और आगजनी जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमों ने संयुक्त रूप से राहत कार्यों का अभ्यास किया। इस दौरान टीमों की समयबद्धता, समन्वय और संसाधनों की कार्यप्रणाली की जांच की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आपदा के समय सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने और प्राथमिक उपचार की जानकारी भी दी।