news-details

गर्मी, धूल और प्रदूषण से बढ़ीं आंखों की बीमारियां

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS जिले में भीषण गर्मी, धूल और बढ़ते प्रदूषण का असर अब लोगों की आंखों पर भी दिखाई देने लगा है। कंजक्टिवाइटिस (लाल आंख) और एलर्जी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कुमारगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 40 मरीज आंखों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में लगभग 300 मरीजों का उपचार किया जा चुका है।नेत्र चिकित्सक डॉ. एन.के. वर्मा और नेत्र परीक्षण अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मौजूदा मौसम में आंखों के संक्रमण और एलर्जी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अधिकांश मरीज आंखों में लालपन, खुजली, जलन और लगातार पानी आने की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। कई मरीजों को तेज रोशनी से परेशानी, आंखों में सूजन, चिपचिपा स्राव और सुबह पलकों के चिपकने जैसी समस्याएं भी हो रही हैं।चिकित्सकों के अनुसार गर्म हवा, धूल और पसीने के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेजी से सक्रिय हो जाते हैं, जिससे संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से फैल सकता है। बच्चों और बुजुर्गों में इसका असर अधिक देखने को मिल रहा है। कुछ मामलों में मरीजों को तेज दर्द और धुंधला दिखाई देने की शिकायत भी सामने आई है।डॉ. वर्मा ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि आंखों को बार-बार हाथ न लगाएं, बाहर निकलते समय धूप का चश्मा पहनें और घर की सफाई नम कपड़े से करें ताकि धूल कम उड़े। उन्होंने एसी और कूलर का संतुलित उपयोग करने तथा बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी आई ड्रॉप या दवा इस्तेमाल न करने की सलाह दी। साथ ही संक्रमित व्यक्ति का तौलिया, तकिया या अन्य व्यक्तिगत सामान साझा करने से बचने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की।