news-details

गर्मी के साथ बढ़ा बिजली संकट, ओवरलोडिंग से फाल्ट की समस्या

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने के साथ ही बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। भीषण गर्मी के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। बढ़े हुए लोड के चलते कई इलाकों में बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या सामने आ रही है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कटरा, अल्लापुर, दारागंज, करेली, जॉर्ज टाउन और सिविल लाइंस जैसे क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें मिल रही हैं। ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों में बार-बार खराबी आ रही है।बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विद्युत वितरण निगम ने पिछले तीन वर्षों में 419 नए ट्रांसफार्मर लगाए हैं। वर्ष 2023-24 में 186 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए और 126 की क्षमता बढ़ाई गई। वहीं 2024-25 में 161 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए और 9 की क्षमता बढ़ाई गई। वर्ष 2025-26 में अब तक 72 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं, जबकि 16 ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की गई है।इसके अलावा बिजली लाइनों को सुरक्षित बनाने के लिए 267 किलोमीटर लंबी एबीसी वायर भी बिछाई गई है। बावजूद इसके कई क्षेत्रों में बिजली संकट पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है।विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि बिजली कटौती की मुख्य वजह ओवरलोडिंग है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में घरों में एसी लगने से बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है। रात 9 बजे से 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा लोड दर्ज किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि बिजली की उपलब्धता पर्याप्त है, लेकिन अधिक लोड के कारण फाल्ट की स्थिति बन रही है। विभाग भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सर्वे करा रहा है, जिससे नए उपकेंद्रों और लोड प्रबंधन की योजना तैयार की जा सके।भीषण गर्मी में बढ़ती बिजली मांग विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है। उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि जल्द ही व्यवस्था में सुधार होगा और कटौती व फाल्ट की समस्या से राहत मिलेगी।