news-details

गांवों में रात्रि निवास करेंगे जल निगम के अभियंता

You can share this post!

अक्टूबर में चलेगा विशेष रोड रेस्टोरेशन अभियान

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जल जीवन मिशन की पेयजल परियोजनाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने और ग्रामीणों की समस्याओं का सीधा फीडबैक लेने के लिए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल निगम के अभियंताओं को गांवों में रात्रि प्रवास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एई और जेई को भी गांवों में रात्रि निवास कर जल चौपाल लगाने तथा ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेने को कहा है। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए अक्टूबर में विशेष रोड रेस्टोरेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।जल शक्ति मंत्री ने सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की विभिन्न पेयजल योजनाओं की मंडलवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन निर्माण के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर सड़कें खोदी गई हैं। मानसून के दौरान बारिश के कारण इन मार्गों की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि अक्टूबर से अभियान चलाकर खोदी गई सड़कों को दोबारा भरने, समतल करने और आवागमन योग्य बनाने का काम किया जाए।उन्होंने अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मैनपावर लगाया जाए और कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मंत्री ने विभिन्न जोन के अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं से क्षेत्र भ्रमण एवं रात्रि प्रवास का फीडबैक भी लिया। उन्होंने एई और जेई को भी गांवों में रात्रि प्रवास करने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता इंजीनियर वीपी सिंह की ओर से पिछले दो सप्ताह से जल अर्पण दिवस और रात्रि जल चौपाल कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।बैठक में अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जल निगम ग्रामीण के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह, जेएमडी डॉ. राजेश प्रजापति, प्रभाष कुमार, स्टेट कोऑर्डिनेटर डीके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अमेठी में एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल
अमेठी जिले में जल जीवन मिशन की परियोजनाओं के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि जिले में काम कर रही तीन एजेंसियां जिम्मेदार अधिकारियों के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रही हैं। बताया गया कि अधिशासी अभियंता इंजीनियर अनिल कुमार राव के खराब स्वास्थ्य का एजेंसियां लाभ उठा रही हैं। परियोजनाओं का संचालन अपेक्षित ढंग से नहीं हो रहा है। आरोप है कि कंपनियों के जिम्मेदार लोग अवर अभियंताओं की बात नहीं सुनते और सहायक अभियंता भी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। इसके चलते जनसुनवाई, जल अर्पण दिवस और जल चौपाल जैसे कार्यक्रम प्रभावित होने की बात कही जा रही है। जन-जागरूकता गतिविधियां भी अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पा रही हैं।