
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। बाजारखाला इलाके में दबंगों ने एक कोल्ड ड्रिंक गोदाम में घुसकर कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में कई कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।रेलवे कॉलोनी ऐशबाग निवासी राहुल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह अपने दोस्त शुभम सिंह और आसिफ खान के साथ गोदाम पर बैठे थे। इसी दौरान सोनू नामक युवक 6 से 10 अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।हमले में शुभम सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि आसिफ खान के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घटना का पूरा घटनाक्रम गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में कई युवक लाठी-डंडों के साथ कर्मचारियों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार गोदाम के बाहर खड़ी गाड़ी को छूने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद दबंगों ने हमला कर दिया।पुलिस के मुताबिक मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।