news-details

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक

You can share this post!

23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान, जनपद में बनाए गए हैं 9 मतदान केंद्र




पारदर्शी  विकास न्यूज़  अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए नामित प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने यातायात एवं परिवहन व्यवस्था के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को समय से पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, ईंधन की व्यवस्था के संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी तथा लेखन सामग्री एवं मतपत्रों से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। कंट्रोल रूम की व्यवस्था के संबंध में अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए। मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना तथा मतदान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद अमेठी में 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके लिए जनपद में कुल 9 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 1,099 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 854 पुरुष एवं 245 महिला मतदाता शामिल हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 12 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। जिनमें से 9 पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को तहसील गौरीगंज से अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। तथा तीन पोलिंग पार्टियों रिजर्व में रहेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान, आवश्यक निर्वाचन सामग्री, परिवहन तथा अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी एवं सुचारु संचालन के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 2 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे तथा निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के अतिरिक्त किसी भी अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। निर्वाचन के दौरान मीडिया प्रतिनिधि अपने संबंधित समाचार संस्थान का वैध परिचय पत्र लेकर मतदान केंद्र तक जा सकेंगे। हालांकि, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के दृष्टिगत मतदान कक्ष के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी मीडिया प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपेक्षा की गई है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इन व्यवस्थाओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराना है, ताकि सभी पात्र मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक सूचनाएं एवं अफवाह फैलाकर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए किसी भी सूचना पर त्वरित संज्ञान लेने तथा निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह सहित संबंधित प्रभारी अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।