news-details

ग्रीन पार्क का 55 हजार दर्शक क्षमता वाला नया मॉडल देख सांसद रमेश अवस्थी ने जताई खुशी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को आधुनिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारी है। सांसद रमेश अवस्थी ने ग्रीन पार्क पहुंचकर प्रस्तावित नए स्टेडियम का मॉडल देखा। उन्होंने इसे कानपुर की खेल पहचान और गौरव को फिर से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। प्रस्तावित मॉडल के अनुसार स्टेडियम की दर्शक क्षमता 55 हजार होगी। इसके निर्माण से ग्रीन पार्क उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम बन सकता है।सांसद ने कहा कि ग्रीन पार्क केवल एक खेल मैदान नहीं, बल्कि कानपुर की पहचान और शहरवासियों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। यहां होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान शहर में उत्सव जैसा माहौल रहता है। नए मॉडल में आधुनिक डिजाइन और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं को शामिल करने की योजना है। इससे देश-विदेश की टीमों और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।उन्होंने कहा कि आधुनिक स्टेडियम बनने से कानपुर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा। इससे शहर में बड़े क्रिकेट आयोजनों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कानपुर के विकास और ग्रीन पार्क के कायाकल्प के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।रमेश अवस्थी ने कहा कि ग्रीन पार्क का नया मॉडल कानपुर के पुराने खेल गौरव को लौटाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे विकसित कानपुर के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि शहर को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, स्टेडियम के निर्माण की समयसीमा और परियोजना की लागत को लेकर उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी।