
Pardarshi Vikas News Ayodhya
अयोध्या के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में अखिल भारतीय प्रधान संघ के बैनर तले ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी रूपनारायण भारती को सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में प्रधानों ने पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग उठाई।
प्रधानों ने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में निर्वाचित प्रधानों का कार्यकाल जल्द समाप्त होने वाला है। ऐसे में लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समय पर पंचायत चुनाव कराना जरूरी है। यदि किसी कारणवश चुनाव निर्धारित समय पर नहीं हो पाते हैं तो वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए, ताकि पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित न हों।
ज्ञापन में प्रधानों ने यह भी उल्लेख किया कि उनका कार्यकाल कोरोना महामारी के कठिन समय में शुरू हुआ था। उस दौरान प्रधानों ने गांवों में राहत कार्य, प्रवासी मजदूरों के भोजन, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महामारी के चलते करीब डेढ़ से दो वर्षों तक नियमित विकास योजनाएं प्रभावित रहीं।
प्रधानों ने मांग की कि यदि कार्यकाल बढ़ाने में कोई कानूनी अड़चन आती है तो वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए, जिससे गांवों में चल रहे विकास कार्य रुकने न पाएं। ज्ञापन पर कई प्रधानों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।