
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हाटा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों एवं ग्रामीणों ने पौधे लगाकर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया। हाटा विकासखंड के ग्राम सचिव संजय चौबे ने संबंधित ग्राम प्रधानों एवं प्रधान प्रतिनिधियों के साथ मिलकर विभिन्न ग्राम पंचायतों में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस क्रम में पतया, खड्डा, गोबरही, भठही बाबू तथा डुमरी चुरामन छपरा ग्राम पंचायतों में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया।ग्राम सचिव संजय चौबे ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि "स्वच्छ गांव, सुरक्षित जल और हरित पर्यावरण" के लक्ष्य को जनसहभागिता से ही प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।